ऋषिकुल से बैरागी कैंप तक तैयारियों का लिया जायजा, बैरक से लेकर भोजनालय और घुड़सवार लाइन तक सभी काम समय पर पूरे करने के सख्त निर्देश
हरिद्वार। कुंभ-2027 के भव्य आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ मेले में देशभर से आने वाले पुलिस बल के ठहरने और उनकी मूलभूत सुविधाओं को लेकर पुलिस लाइन के निर्माण एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।
इसी क्रम में शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने ऋषिकुल मैदान-2 में प्रस्तावित मुख्य पुलिस लाइन और बैरागी कैंप स्थित प्रस्तावित पुलिस लाइन एवं घुड़सवार लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान समतलीकरण, लेआउट प्लान के अनुसार बैरकों के निर्माण, भोजनालय, शौचालय, स्नानागार और ब्रीफिंग हॉल के लिए टिन टेंटेज की व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों, कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती होगी। ऐसे में उनके ठहरने, भोजन, स्नान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले से मजबूत होना बेहद जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ जोधराम जोशी, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक लाइन वेद प्रकाश भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, कंपनी कमांडर आदेश कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन संजीव कुमार शर्मा, कंपनी कमांडर प्रमोद रावत सहित अस्थायी थानों के निर्माण के लिए गठित विभिन्न पुलिस टीमों के सदस्य मौजूद रहे।
