बोले मोर्चा अध्यक्ष– गरीब जवानों को साल में 4-5 महीने ही मिलता है काम, इतने कम मानदेय में परिवार पालना भी हुआ मुश्किल
विकासनगर। प्रदेश के पीआरडी जवानों की मांगों और उनके आर्थिक हालात को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेशभर के पीआरडी जवान अपने हक के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन मंत्री को उनका दर्द दिखाई नहीं दे रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में नेगी ने कहा कि पीआरडी जवानों को सालभर में महज चार-पांच महीने ही रोजगार मिल पाता है। बेहद कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। सवाल यह है कि आखिर इन जवानों को पूरे साल रोजगार क्यों नहीं दिया जा सकता? क्या सरकार को उनके परिवारों की आर्थिक परेशानियां दिखाई नहीं देतीं?
नेगी ने मंत्री रेखा आर्य पर निशाना साधते हुए उनके पति द्वारा हाल ही में लगाए गए कथित अवैध कमाई के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गरीब महिलाओं और बच्चों को वितरित होने वाली खाद्य सामग्री, सूट-साड़ियों और मोबाइल की खरीद में कमीशनखोरी के जरिए करोड़ों रुपये जुटाए गए। हालांकि, ये आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।
नेगी ने सवाल उठाया कि आखिर विभाग के कर्मचारियों के हितों की चिंता करने के बजाय उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री रेखा आर्य को यदि वास्तव में पश्चाताप करना है तो पीआरडी जवानों को उनका जायज हक दिलाकर करें।
उन्होंने सरकार से मांग की कि पीआरडी जवानों को सालभर रोजगार, सम्मानजनक मानदेय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि इन जवानों के परिवार भी सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।
पत्रकार वार्ता में हाजी असद एवं प्रवीण शर्मा पिन्नी मौजूद रहे।
