हरकी पैड़ी पहुंचना होगा आसान, भीड़ का दबाव घटाने और आपातकालीन निकासी में भी बनेगा मददगार
अधिकारियों को दिन-रात काम कर तय समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार, 18 नवंबर। कुंभ-2027 में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार आस्था के साथ आवागमन की नई सौगात मिलने जा रही है। गंगा किनारे विकसित हो रहा आस्थापथ अब अपना दायरा बढ़ाते हुए धनुष पुल से बैरागी कैंप तक पहुंचने की तैयारी में है। इस विस्तार के बाद हरकी पैड़ी तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को एक सुगम वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इतना ही नहीं, कुंभ के दौरान उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को संभालने और किसी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में भी यह मार्ग अहम भूमिका निभाएगा।
कुंभ की तैयारियों को रफ्तार देने में जुटी मेलाधिकारी सोनिका बुधवार को खुद मैदान में उतरीं। उन्होंने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि काम में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए और सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी हों।
270 मीटर का एलीवेटेड रास्ता बनेगा खास आकर्षण
परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल होते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके आगे पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में करीब 270 मीटर लंबा एलीवेटेड मार्ग तैयार किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने इस हिस्से के निर्माण में विशेष तेजी लाने और जरूरत पड़ने पर दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।
नए घाट पर भी सुविधाओं का इंतजार होगा खत्म
धनुष पुल से सीसीआर के बीच नवनिर्मित घाट का भी मेलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने शेष निर्माण कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश देते हुए घाट पर रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने को कहा।
रोड़ी बेलवाला पर भी प्रशासन की नजर
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और एडमिन रोड की प्रगति भी परखी गई। मेलाधिकारी ने क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने, नियमित निगरानी करने और जनसुविधाओं व प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंभ में भीड़ का दबाव बांटेगा नया आस्थापथ
गौरतलब है कि धनुष पुल से चंडी चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। वहीं, आस्थापथ को आगे बैरागी कैंप से जोड़ने का कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग कर रहा है।
कुल मिलाकर कुंभ-2027 में आस्थापथ सिर्फ गंगा किनारे घूमने-फिरने का रास्ता नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा का महत्वपूर्ण कॉरिडोर बनने जा रहा है। अगर निर्माण कार्य तय समय पर पूरे हो गए तो कुंभ के दौरान हरिद्वार की यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को बड़ी राहत मिल सकती है।
निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
