अघोषित बिजली कटौती से व्यापार चौपट, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित, अधिकारियों को दी दफ्तरों में तालाबंदी और उग्र आंदोलन की चेतावनी
हरिद्वार। मध्य हरिद्वार में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर व्यापारियों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने चंद्राचार्य चौक पर विद्युत विभाग का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली कटौती ने व्यापारियों से लेकर आम जनता तक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने कहा कि विद्युत विभाग की मनमानी चरम पर पहुंच चुकी है। आए दिन बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल हो जाती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे से मध्य हरिद्वार की बिजली आपूर्ति बाधित हुई, लेकिन बुधवार को 24 घंटे बीतने के करीब होने के बावजूद व्यवस्था सामान्य नहीं हो पाई। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ हैं।
उपाध्यक्ष राजेश कश्यप ने कहा कि बिजली नहीं होने के कारण ग्राहक बाजारों का रुख नहीं कर रहे हैं, जिससे व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं महामंत्री दीपक अग्रवाल ने कहा कि बिजली कटौती का असर केवल कारोबार पर ही नहीं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं और बिजली न होने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।
कोषाध्यक्ष सुनील गुलाटी ने कहा कि विद्युत विभाग लंबे समय से किसी न किसी बहाने अघोषित कटौती कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि भूमिगत विद्युत लाइनें होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग के अधिकारियों ने अपना ढुलमुल रवैया नहीं सुधारा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की तो व्यापारी विभागीय कार्यालयों में तालाबंदी करने के साथ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल हिमांशु सैनी, मुनीश गर्ग, राहुल अग्रवाल, संजय द्विवेदी, पराग चाकलान, पवन दवे, बृजराज खरे, राहुल गोयल, राहुल वर्मा, प्रमोद सूद, प्रेम थापा, सुनील आशिजा, मयंक शर्मा, सचिन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
