नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अंतिम संस्कार, छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि
सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ से मिलकर बंधाया ढांढस, संत-महात्माओं से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के दिग्गज नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के दौरान शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार का नमामि गंगे घाट शोक, श्रद्धा और संवेदनाओं का साक्षी बना। मां को अंतिम विदाई देने के लिए देशभर से राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक जगत की बड़ी-बड़ी हस्तियां पहुंचीं। हर किसी की आंखों में नमीयुक्त श्रद्धा और चेहरे पर गमगीन भाव नजर आए।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमामि गंगे घाट पहुंचकर दिवंगत सावित्री देवी के अंतिम दर्शन किए और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। सीएम धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होता है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। स्वर्गीय सावित्री देवी के छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान संत समाज, विभिन्न राज्यों के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि देने पहुंची प्रमुख हस्तियों में योगऋषि स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद सरस्वती, आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित अनेक संत-महात्मा शामिल रहे।
वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अनेक राजनीतिक दिग्गजों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत अनेक प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
