न तानाशाही बर्दाश्त, न मुकदमेबाजी मंजूर! त्यागपत्र में अखाड़े की व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल, पंजाब के लोगों को सम्मान न मिलने पर भी जताई नाराजगी
हरिद्वार, 21 नवंबर। संतों की परंपरा, आध्यात्मिक साधना और सनातन धर्म के मूल्यों की बात करने वाले श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। आपसी खींचतान, कथित तानाशाही और मुकदमेबाजी से आहत होकर महामंडलेश्वर पूर्ण गुरु श्री करौली शंकर जी महाराज ने अपने पद से इस्तीफा देकर संत समाज में नई चर्चा छेड़ दी है। मिश्री मठ के परमाध्यक्ष करौली शंकर महाराज ने अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास जी को भेजे त्यागपत्र में अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखाड़े की पंचायती व्यवस्था आपसी विवादों में उलझकर रह गई है। पंजाब के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिल रहा, वहीं निजी हितों के चलते अखाड़े की संपत्तियों का उपयोग किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।

महाराज ने अपने पत्र में एक और गंभीर मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि जिस अखाड़े में ध्यान-साधना, पूजा-पाठ और आध्यात्मिक गतिविधियां प्रमुख होनी चाहिए थीं, वहां ये गतिविधियां ही ठप पड़ गई हैं। ऐसे में अखाड़े की स्थापना के मूल उद्देश्य पीछे छूटते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संत परंपरा के प्रति समर्पण के भाव से उन्होंने महामंडलेश्वर के रूप में सेवा की, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक और सामाजिक दायित्वों को देखते हुए पद छोड़ने का निर्णय लिया है।
फिलहाल किसी दूसरे अखाड़े में जाने का संकेत नहीं
करौली शंकर महाराज के इस्तीफे के बाद संत समाज में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि उन्होंने किसी अन्य अखाड़े से जुड़ने का कोई संकेत नहीं दिया है। अब सबकी निगाहें अखाड़े के नेतृत्व और उनके त्यागपत्र पर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह भी है कि क्या अखाड़े के भीतर चल रही खींचतान पर विराम लगेगा या विवाद और गहराएगा?
