एक ही दिन में हरिद्वार विधानसभा के आठ स्थानों पर सजे दीपावली मिलन समारोह, कैबिनेट मंत्री और महापौर ने बांटी पर्व की खुशियां, विकास तिवारी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में दीपावली का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन आठ अलग-अलग स्थानों पर दीपावली मिलन समारोहों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और महापौर किरण जैसल ने विभिन्न समारोहों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
स्वयंवर पैलेस, अनुराग पैलेस, सैनी आश्रम, शुभारंभ बैंक्वेट, भारत सेवाश्रम संघ, महाजन धर्मशाला एवं निष्काम सेवा ट्रस्ट सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित समारोहों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि दीपावली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सभी को मिलकर हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियों का प्रकाश पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
वहीं, भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने दीपावली को खुशियों और आपसी सौहार्द का पर्व बताते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देती है। केवल आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। जनता काम करने वालों और विकास की स्पष्ट सोच रखने वालों के साथ खड़ी होती है।
समारोहों के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर और शुभकामनाएं देकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिखाई दिया।
इस दौरान जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष सुशांत भट्ट, राजेंद्र कटारिया, प्रशांत शर्मा, कृष्ण बजाज, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान, हिमांशु विद्यार्थी, अनु कक्कड़, सुषमा चौहान, पारुल चौहान, तरुण नय्यर, हर्षित त्रिपाठी, गौरव वर्मा, राकेश नौटियाल, योगेंद्र पाल, रवि, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, देवेश ममगई सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
