देहरादून। हरिद्वार के लिए एक और गौरव का पल सामने आया है। उत्तराखंड पुलिस में तैनात फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट अक्षय कुमार के बेटे अनंत उर्फ मोनू ने अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड में निर्देशक मनोज शर्मा की फिल्म “एक बहता जीवन-हरिद्वार” में अनंत उर्फ मोनू के अभिनय और काम की जमकर सराहना की गई। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभिनेता दीपक पाराशर और हेमंत पांडे ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अनंत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनके अभिनय सफर का शुरुआती दौर है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत चर्चित वेब सीरीज ‘अपहरण-2’ से की। इसके बाद वह लगातार कई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। अब अनंत जल्द ही उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी वेब सीरीज ‘चारपाई’ में अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। इस सीरीज को लेकर भी उनके प्रशंसकों में उत्सुकता है।
पिता अक्षय कुमार के मुताबिक, बेटे की मेहनत और अभिनय के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने की लगन ने पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है। देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिला सम्मान अनंत के बढ़ते फिल्मी सफर की एक नई पहचान बनकर सामने आया है।
