हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरिद्वार की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने की डेडलाइन तय है। समय सीमा नजदीक आते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को खुद मोर्चा संभाल लिया। डीएम ने अधिकारियों के साथ चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप समेत कई इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क मरम्मत और डामरीकरण की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जहां भी सड़क पर गड्ढे हैं, वहां पेंचवर्क और डामरीकरण का काम तेजी से पूरा किया जाए। काम में तेजी के लिए श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर की समय सीमा को गंभीरता से लेते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की प्रगति जानी और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक परेशानी न उठानी पड़े। आयरिश पुल के पास क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया गया।
इसके बाद दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का जायजा लेते हुए डीएम ने गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। कुंभ मेला से जुड़े लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे पेंटिंग व वॉल पेंटिंग कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा।
डीएम ने दो टूक कहा कि सड़क, रोशनी और आसपास की व्यवस्था—तीनों को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। आगामी कुंभ को देखते हुए सभी काम समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
