सीसीआर में समीक्षा बैठक के बाद एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने कुंभ क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, एटीसी पहुंचकर प्रशिक्षण ले रहे जवानों से भी लिया फीडबैक
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। धर्मनगरी में होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे और सीसीआर स्थित सभागार में कुंभ मेले की प्रारंभिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 आयुष अग्रवाल ने अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया। एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन योजनाओं, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और चरणवार पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जाए और तैयारियों में किसी भी स्तर पर कमी न रहे। साथ ही कुंभ मेला क्षेत्र से जुड़े सभी विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। ऐसे में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया और मौके पर चल रही व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। उन्होंने जोन, सेक्टर और पुलिस बल की तैनाती से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद एडीजी एटीसी पहुंचे, जहां कुंभ मेले के लिए प्रशिक्षण ले रहे पुलिस जवानों से रूबरू हुए। उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी ली और जवानों तथा अधिकारियों को कुंभ मेले की चुनौतियों के अनुरूप पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, एसपी अभिसूचना मणीकांत मिश्रा, एसपी एटीएस सरिता डोभाल, एसपी यातायात हरिद्वार निशा यादव और एसपी जीआरपी अरुणा भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
