अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन का प्रांतीय अधिवेशन संपन्न, 21 वरिष्ठ संपादकों को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
हरिद्वार। सोशल मीडिया की तेज रफ्तार और फेक न्यूज के बढ़ते दौर के बीच हरिद्वार में रविवार को पत्रकारिता की विश्वसनीयता और प्रिंट मीडिया की ताकत का बड़ा संदेश सामने आया। देवपुरा स्थित प्रेस क्लब सभागार में अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई का प्रांतीय अधिवेशन, वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह एवं “वर्तमान दौर में समाचार पत्रों की भूमिका” विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक समाचार पत्रों के संपादकों ने शिरकत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मिश्री मठ के महामंडलेश्वर परम पूज्य करौली शंकर महाराज ने की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम है। सोशल मीडिया पर अफवाहें तेजी से फैलती हैं, लेकिन लोग अखबार में छपी खबर को अधिक भरोसे के साथ देखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता को “योग और तपस्या” बताते हुए कहा कि बिना लाग-लपेट के सत्य लिखना ही पत्रकार की सबसे बड़ी साधना है।
मुख्य अतिथि हरिद्वार विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में आयुष एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता आज पहले से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण पेशा बन चुकी है। पत्रकार जोखिम उठाकर सच्चाई सामने लाते हैं और कई बार उन्हें धमकियों तथा मुकदमों का सामना भी करना पड़ता है। इसके बावजूद पत्रकारों का सच सामने लाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने पत्रकारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताते हुए हरिद्वार प्रेस क्लब के नए भवन की मांग जल्द पूरा करने का भरोसा दिया।
महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क बंशीधर तिवारी ने कहा कि तकनीक और समय भले बदल गए हों, लेकिन सुबह की चाय के साथ अखबार पढ़ने की परंपरा आज भी कायम है। लोग सोशल मीडिया पर खबरें देखते और शेयर करते हैं, मगर अगली सुबह अखबार का इंतजार फिर भी रहता है। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग छोटे समाचार पत्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
राज्यमंत्री स्तर के उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सरदार सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि खबरों का स्वरूप बदला है और पाठकों की पसंद भी बदली है, लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाने में छोटे समाचार पत्रों की भूमिका आज भी बेहद महत्वपूर्ण है।
श्री गंगा सभा अध्यक्ष एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा को देश-दुनिया तक पहुंचाने में पत्रकारों और समाचार पत्रों का अहम योगदान है। कुंभ, अर्धकुंभ, कांवड़, सावन और विभिन्न धार्मिक आयोजनों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने कहा कि छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ हैं। उन्होंने पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता तथा विज्ञापन नीति में सुधार की मांग उठाई और मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के लिए सूचना विभाग का आभार जताया। कार्यक्रम में अतिथियों को अभिनंदन-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन ललितेन्द्र नाथ एवं बालकृष्ण शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया। प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने आभार व्यक्त किया। अधिवेशन में बड़ी संख्या में पत्रकार, संपादक और एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
