हरिद्वार/ लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के खेड़ी खुर्द गांव में कांग्रेस नेता और हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी रहे वीरेंद्र रावत की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर राजनीतिक हलकों में नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला उस समय का है, जब रावत गांव में आयोजित एक शोकसभा में शामिल होने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि शोकसभा के दौरान खींची गई तस्वीर को रावत ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कामिल प्रधान जी के यहां क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया। पोस्ट सामने आने के बाद कामिल प्रधान के बेटे फरमान ने रावत को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई।

फोन पर हुई कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल ऑडियो में कामिल प्रधान के बेटे कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि रावत शोक व्यक्त करने आए थे और तस्वीर को क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा के रूप में पोस्ट करना उचित नहीं है। उन्होंने पोस्ट हटाने की मांग भी की।

बातचीत के दौरान उनके द्वारा कथित तौर पर यह भी कहा गया कि हम उमेश कुमार के साथ हैं और उमेश कुमार के साथ रहेंगे।
वहीं इस मामले में जब वीरेंद्र रावत से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह वहां पर एक शोकसभा में ही गए थे और उनका फेसबुक अकाउंट जो मैनेज करता है उसने गलती से क्षेत्र की समस्याओं पर विचार विमर्श लिख दिया उन्हें फरमान नामक व्यक्ति ने फोन किया तो उन्होंने वह पोस्ट हटवा भी दी है। वीरेंद्र रावत ने यह भी कहां की क्षेत्र की जनता का अपना विवेक है कि वह खानपुर विधानसभा क्षेत्र में किसका समर्थन करती है।
