हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार की ओर से मायापुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग एवं स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और देश के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाई जाए। युवा नेता वरुण बालियान एवं वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी हमेशा युवाओं की ताकत और उनकी भागीदारी को महत्व देते थे। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर युवाओं के हितों के लिए संघर्ष जारी रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि एवं वरिष्ठ श्रमिक नेता मुकुल जोशी ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण की नींव मजबूत करते हुए देश को नई दिशा दिखाई।महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव एवं यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में युवाओं को 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिया गया, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी बढ़ी। पार्षद हिमांशु गुप्ता एवं पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब कांग्रेसजन उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए लोकतंत्र की मजबूती और उसके संरक्षण के लिए संघर्ष करें। श्रद्धांजलि सभा में ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी, पार्षद सुनील कुमार सिंह, महावीर वशिष्ठ, आशीष प्रधान, आशीष पंवार, पार्षद प्रतिनिधि अकरम अंसारी, पीसीसी सदस्य राहुल चौधरी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र भारद्वाज, ब्रह्मचंद, अयान सैफी, मोहित अरियाल, करन सिंह राणा, इंद्र कुमार गौड़, गोविंद पाण्डेय, अशोक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
