हरिद्वार। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद प्रवीण निषाद बुधवार को सिद्धपीठ श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचे। उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के सानिध्य में विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रवीण निषाद ने कहा कि श्रावण मास में स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज कठिन साधना कर सनातन संस्कृति की पताका को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार जलाभिषेक और तपस्या के माध्यम से संत समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।प्रवीण निषाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के संकल्प का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार जल्द ही इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी धन और संसाधनों का बड़ा हिस्सा चुनावी प्रक्रिया में खर्च होता है। इसके साथ ही चुनाव के दौरान विकास कार्यों की गति भी प्रभावित होती है। यदि एक साथ चुनाव होते हैं तो देश का पैसा विकास और जनहित के कार्यों में अधिक प्रभावी ढंग से लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 11 सीटों पर पार्टी को जीत मिली। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने निषाद पार्टी को राजनीतिक सेवा का अवसर दिया है। प्रवीण निषाद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने निषाद समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। निषाद राज पार्क, ऑडिटोरियम और विश्रामगृह जैसे निर्माण कार्यों के माध्यम से समाज की गौरवशाली परंपराओं और इतिहास को सम्मान के साथ सामने लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इस मौके पर शांतनु शुक्ला सहित कईं लोग मौजूद रहे।
