हरिद्वार, 19 अगस्त। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मेला प्रशासन अब निर्माण कार्यों के साथ-साथ सड़क, पुल, पार्किंग, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और यातायात सुविधाओं को भी धरातल पर परख रहा है। बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और कनखल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों।
कनखल में निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा कराए जा रहे फसाड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को देखा। उन्होंने कनखल जैसे पौराणिक और धार्मिक महत्व वाले क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचेंगे, ऐसे में धार्मिक स्थलों और प्रमुख मार्गों का स्वरूप श्रद्धालुओं के अनुकूल होना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले मार्ग के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 6.74 किलोमीटर लंबी सड़क योजना के लिए 391.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मेलाधिकारी ने कार्य की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क किनारे प्रस्तावित फुटपाथ को सड़क की सतह से उचित ऊंचाई पर बनाने तथा मार्ग से अतिक्रमण हटाने को कहा। साथ ही उपलब्ध स्थानों पर योजनाबद्ध पौधरोपण और हरित सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।
बैरागी कैंप और दक्षद्वीप के बीच निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद जगजीतपुर फ्लाईओवर और दक्षद्वीप पार्किंग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि दक्षद्वीप पार्किंग को हाईवे की सर्विस लेन से जोड़ने के लिए 44 मीटर लंबे अस्थायी पुल का प्रस्ताव है।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के दौरान पार्किंग स्थलों तक श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सुगम एवं सुरक्षित रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सड़क, पुल, पार्किंग और यातायात व्यवस्था से जुड़े सभी सुधार समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सहायक अभियंता मनमोहन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
