4.50 करोड़ से अधिक कांवड़ियों की सुरक्षित रवानगी पर प्रशासन ने ली राहत की सांस, DM मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी सहयोगियों को दिया धन्यवाद
हरिद्वार, 11 अगस्त। कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सकुशल और निर्विघ्न समापन के बाद हरिद्वार प्रशासन ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर यात्रा की सफलता के लिए आभार जताया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद हरकीपौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दोनों अधिकारी दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
इस बार कांवड़ यात्रा में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे और गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इतनी विशाल भीड़ के बावजूद यात्रा का सकुशल संपन्न होना प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने यात्रा की सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि शासन, प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों और विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ काम किया। उन्होंने कांवड़ियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और स्थानीय जनता का आभार जताया।
ट्रैफिक से लेकर गंगा तक पुलिस की मुस्तैदी
DM ने SSP नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस द्वारा संभाली गई यातायात, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में कांवड़ियों के आवागमन के बावजूद पुलिस ने यातायात को सुचारू बनाए रखा। जल पुलिस ने भी गंगा की तेज धारा में लगातार निगरानी कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।
स्वास्थ्य विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीमों ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों में 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया।
सफाईकर्मियों और सेवाभावी संस्थाओं को भी मिला श्रेय
जिलाधिकारी ने पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मचारियों की भी जमकर सराहना की। करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच कांवड़ मार्ग, घाटों, पार्किंग और प्रमुख स्थानों पर लगातार सफाई बनाए रखने के लिए उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों और सामाजिक संस्थाओं का भी आभार जताया, जिन्होंने कांवड़ियों के लिए भोजन, पानी, चिकित्सा और विश्राम जैसी सुविधाओं में सहयोग किया। व्यापारियों और स्थानीय जनता के संयम और सहयोग की भी उन्होंने प्रशंसा की।
गंगा सभा और संतों ने DM-SSP को किया सम्मानित
कांवड़ मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर श्री गंगा सभा अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम एवं अन्य पदाधिकारियों ने हरकीपौड़ी पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
इसके बाद दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी जी महाराज ने दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने भी कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
