हरिद्वार, 10 अगस्त। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच श्रद्धालु जोखिम उठाने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
डीएम ने गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा बलों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उन्होंने डाक कांवड़ियों से भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान न करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की। प्रशासन की प्राथमिकता हर श्रद्धालु की सुरक्षा है।
भारी बारिश से जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम को अवगत कराया जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य बिना देरी शुरू किए जा सकें। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
