हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने और देश में सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सपा कार्यकर्ता सुमन देवी ने अनोखी कांवड़ यात्रा शुरू की है। हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर इटावा के लिए रवाना हुईं सुमन देवी का ज्वालापुर स्थित जटवाड़ा पुल के पास सपा जिला कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने बताया कि सुमन देवी हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर इटावा तक पैदल यात्रा करेंगी। इटावा पहुंचकर केदारेश्वर मंदिर में शिवलिंग का गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना समाजवादी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है।
सपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में नकारात्मकता का माहौल बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के कारण सामाजिक माहौल खराब हुआ है और लोगों को आपस में लड़ाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध बढ़े हैं तथा आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस दौरान युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव, डॉ. नसीर, रहीस अहमद, दीक्षिक शर्मा, आदेश उपाध्याय, महिपाल सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। गंगाजल से शुरू हुई यह राजनीतिक आस्था की यात्रा अब हरिद्वार से इटावा तक सियासी संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।
