हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित पिल्ला गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कांवड़िये पर फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया है।
मामला 1 जून का है, जब गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने फायरिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। फायरिंग में एक कांवड़िया घायल हो गया था, जिसके बाद कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से कनखल पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अब तक इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने सत्यम जाट निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर को गिरफ्तार कर लिया, जिसे पुलिस घटना में फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर बता रही है। पुलिस का कहना है कि पिल्ला गैंग पर शिकंजा लगातार कसा जा रहा है और गैंग को पूरी तरह समाप्त करने तक अभियान जारी रहेगा। एसएसपी के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और हुड़दंगियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
