हरिद्वार। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए खनन माफियाओं की नींद उड़ा दी है। लक्सर तहसील के ग्राम रामपुर रायघटी में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की। जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान क्षेत्र में संचालित सभी रिटेल भंडारणों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद प्रशासन ने बिना देर किए सभी रिटेल भंडारणों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। इतना ही नहीं, संबंधित इकाइयों के ई-खन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के संदिग्ध भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
