हरिद्वार, 21 नवंबर। सरकारी योजनाओं की जानकारी पाने के लिए अब आमजन को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सुलभ और त्वरित रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष शनिवार को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सभागार में एआई आधारित मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का प्रदर्शन किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री को ऐप और पोर्टल की खूबियों से रूबरू कराते हुए बताया कि इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी की जा सकेगी। योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति पर भी नजर रखी जाएगी। इससे प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना आसान होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक शासन व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और जनसुलभ बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लोगों को उनका लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा सकता है।
कुंभ की समीक्षा भी की
एआई ऐप के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा भी की। मेलाधिकारी सोनिका ने उन्हें मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में आईजी मेला योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसएसपी मेला आयुष अग्रवाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
