हरिद्वार में CAPED ने चलाया जागरूकता अभियान, बेटियों के HPV टीकाकरण और महिलाओं की नियमित जांच पर दिया जोर
हरिद्वार, 18 नवंबर। महिलाओं की जिंदगी पर मंडरा रहे सर्वाइकल कैंसर के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। आंकड़ा चौंकाने वाला है कि भारत में हर 8 मिनट में एक महिला की मौत सर्वाइकल कैंसर के कारण हो जाती है। इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता, समय पर जांच और एचपीवी टीकाकरण है।
विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर CAPED (कैंसर अवेयरनेस, प्रिवेंशन एंड अर्ली डिटेक्शन) की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार और CAPED की जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संकिता शर्मा के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को बीमारी के खतरे और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. संकिता शर्मा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर चुनौती है, लेकिन समय रहते इसकी पहचान और उचित बचाव के उपाय अपनाकर इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण और 30 से 65 वर्ष की महिलाओं के लिए नियमित सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग के महत्व को समझाया।
जागरूकता सत्र में CAPED की IEC सामग्री और पोस्टरों के जरिए HPV संक्रमण, बीमारी के जोखिम और बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। डीआईओ डॉ. कोमल ने निवारक जांच और HPV टीकाकरण को सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ प्रभावी कदम बताया।
वहीं, सीएमओ डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि महिलाओं को बीमारी के शुरुआती लक्षणों और चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। नियमित जांच कराना और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने HPV टीकाकरण को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
