इम्पीरियल ब्लू से ब्लेंडर्स प्राइड तक का मिला जखीरा, बहादुरपुर सैनी में 25 लीटर कच्ची शराब के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। धर्मनगरी में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र-एक हरिद्वार की टीम ने ज्वालापुर में जगपाल के घर दबिश देकर अंग्रेजी और देशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया। वहीं, बहादुरपुर सैनी गांव में एक अन्य कार्रवाई के दौरान 25 लीटर कच्ची शराब के साथ अमित को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार, 3 नवंबर को ज्वालापुर में जगपाल के घर छापा मारा तो वहां शराब के अलग-अलग ब्रांड का जखीरा मिला। तलाशी के दौरान इम्पीरियल ब्लू के 93 पव्वे, रॉयल स्टैग के 55 पव्वे, ब्लेंडर्स प्राइड के 7 पव्वे, इमेजिंग वोदका के 15 पव्वे, बेयंग बीयर के 24 कैन और माल्टा ब्रांड देशी शराब के 51 टेट्रा पैक बरामद हुए। विभाग के अनुसार कुल बरामदगी लगभग छह पेटी अवैध शराब की है। इस मामले में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने बहादुरपुर सैनी गांव में भी दबिश दी। यहां मांगेराम के पुत्र अमित को 25 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। एक ही दिन में दो स्थानों पर हुई इन कार्रवाइयों से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।
