मुख्य स्नान पर्वों पर चलेंगी मेला स्पेशल ट्रेनें, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम निकासी के लिए रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ ने बनाई रणनीति
हरिद्वार।कुंभ मेला-2027 में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए हरिद्वार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। कुंभ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रणनीति पर मंथन किया। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के रेलवे स्टेशनों का इस्तेमाल करने और यात्रियों के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया विकसित करने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा की गई।
गुरुवार को सीसीआर, हरिद्वार स्थित कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कुंभ मेले के दौरान रेलवे यातायात योजना, स्टेशन प्लान और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य स्नान पर्वों के अवसर पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने इस बात पर भी चर्चा की कि हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने पर आसपास के स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव किस प्रकार सुनिश्चित किया जा सकता है, ताकि एक ही स्थान पर भीड़ का दबाव न बढ़े। इसके साथ ही यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया निर्धारित करने, रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रभावी योजना तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ।
सुरक्षा और सुविधा के लिए एसओपी की समीक्षा
बैठक में रेलवे की यातायात योजना और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ नियंत्रण के लिए वैकल्पिक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आईजी कुंभ मेला ने उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्देशित किया कि कुंभ के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थाओं की समय रहते तैयारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त उत्तर रेलवे मुरादाबाद ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, एसपी रेलवे उत्तराखंड अरुणा भारती, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला राजेश भट्ट तथा पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड अनुज कुमार उपस्थित रहे।
कुंभ-2027 में श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में रेलवे, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को सफल आयोजन की अहम कड़ी माना जा रहा है।
