हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार के मायापुर में श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि० की रामलीला में प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। रामलीला के छठे वर्ष में आयोजित इस भव्य मंचन के दौरान जैसे ही प्रभु श्रीराम के जन्म का दृश्य सामने आया, पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए और पूरा वातावरण राममय हो गया।
प्रभु श्रीराम के जन्म की खुशी में रामभक्तों के लिए मिठाई और फलों की व्यवस्था की गई। रामलीला में कलाकारों ने अपने सुंदर, भावपूर्ण और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर प्रस्तुत धार्मिक प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
लीला में इंद्र की भूमिका कृष्ण चंचल, पृथ्वी माता की भूमिका चिराग मनोचा, ब्रह्मदेव की भूमिका शहीद, अग्निदेव की भूमिका विजय, वरुणदेव की भूमिका कार्तिक भाटिया, पवनदेव की भूमिका अन्नू, भगवान विष्णु की भूमिका प्रकाश शर्मा, नारद मुनि की भूमिका अमित शर्मा, कौशल्या की भूमिका देवांश और सुमित्रा की भूमिका सक्षम ने निभाई। वहीं कैकेयी सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं से मंचन को आकर्षक बनाया।
संस्था की ओर से सभी कलाकारों और रामभक्तों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की गई। रामजन्मोत्सव के उल्लास ने मायापुर में भक्तिमय माहौल बना दिया।
