हरिद्वार। डेंगू के संभावित बढ़ते प्रकोप और गंभीर मरीजों की जरूरत को देखते हुए जिला अस्पताल में एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) सुविधा को सुचारू एवं 24 घंटे संचालित करने की मांग तेज हो गई है। इसी को लेकर आज जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक राजेश गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर एसडीपी सेवा की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग की गई। प्रदेश सचिव रविश भटीजा ने कहा कि डेंगू का प्रकोप दस्तक देने की आशंका के बीच अस्पतालों में प्लेटलेट्स की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। एसडीपी सुविधा गंभीर मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकती है। आसपास पर्याप्त एसडीपी सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में मांग की गई कि जिला अस्पताल में एसडीपी सुविधा 24 घंटे निर्बाध रूप से संचालित की जाए। इसके लिए पर्याप्त स्टाफ के साथ आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रशिक्षित कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। साथ ही एसडीपी मशीन और इससे संबंधित सभी उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील रखने तथा उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को बिना देरी के एसडीपी उपलब्ध हो सके। रविश भटीजा ने कहा कि प्लेटलेट्स की जरूरत वाले मरीजों के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी या स्टाफ की कमी के कारण मरीज को कहीं और भटकना न पड़े, इसके लिए अस्पताल प्रशासन को पहले से सभी तैयारियां पूरी रखनी चाहिए। इस अवसर पर दीपक कपूर, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, अनंत पाण्डेय, दीप सिंह और सुमित सक्सेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
