देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी मैदान में महासचिव पद के निर्दलीय दावेदार नीलांश शर्मा ने फ्रेशर पार्टी के बहाने छात्रों के बीच अपनी मौजूदगी और पकड़ का जोरदार प्रदर्शन किया। एक स्थानीय होटल में आयोजित फ्रेशर पार्टी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे। कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित हिमाचली लोक गायक ने अपने ऊर्जावान गीतों से ऐसा रंग जमाया कि पूरा सभागार तालियों और संगीत की धुन पर झूम उठा। फ्रेशर्स के स्वागत के साथ शुरू हुई यह शाम देखते ही देखते मनोरंजन और चुनावी माहौल का संगम बन गई। कार्यक्रम में छात्रों की भारी मौजूदगी और उत्साह ने कॉलेज के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी। समर्थकों ने इसे नीलांश शर्मा के अभियान के लिए उत्साहजनक माहौल बताया। हालांकि, चुनावी मुकाबले में अंतिम तस्वीर मतदान और परिणाम के बाद ही साफ होगी।
मुद्दों को बनाया चुनावी हथियार
फ्रेशर पार्टी के दौरान मीडिया से बातचीत में नीलांश शर्मा ने कहा कि उनका चुनावी अभियान केवल प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि वह छात्रों से जुड़े जमीनी मुद्दों और उनकी प्राथमिकताओं को लेकर मैदान में उतरे हैं। उन्होंने छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और छात्र हितों के लिए आवाज बुलंद करने की बात कही। डीएवी पीजी कॉलेज में चुनावी गतिविधियां बढ़ने के साथ अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में कौन सा प्रत्याशी छात्रों के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर पाता है। फिलहाल नीलांश शर्मा की फ्रेशर पार्टी ने कॉलेज के चुनावी माहौल में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।
