हरिद्वार, 8 सितंबर। अमृता विश्व विद्यापीठम, हरिद्वार कैंपस में मंगलवार को नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। माता अमृतानंदमयी मठ की युवा शाखा अयुद्ध (AYUDH) के सहयोग से आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में छात्रों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि देश की असली ताकत युवा हैं। यदि युवा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होंगे तो विकसित भारत का सपना और मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से नशे को ना कहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। हरिद्वार एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सब-इंस्पेक्टर एल.एस. बुटोला ने नशीले पदार्थों के गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। माई भारत के जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने अभियान में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं अयुद्ध इंडिया के राष्ट्रीय समन्वयक ब्रह्म. मोक्षामृत चैतन्य ने छात्रों से नशे के खिलाफ ‘जिम्मेदार युवा योद्धा’ बनने का आह्वान किया।
अमृता अस्पताल की नशा-मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी ने नशे से मस्तिष्क और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति के उपाय बताए।
कार्यक्रम में आदित्य सिंह कटोच और नितिन शोडवानी समेत स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग किया। अंत में छात्रों और प्रतिभागियों ने स्वस्थ युवा, नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
