विकासनगर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेशभर में कार्यरत करीब 750 बीआरपी-सीआरपी कार्मिकों को दो माह से वेतन नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जन संघर्ष मोर्चा ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए शिक्षा विभाग और विभागीय मंत्री पर तीखा हमला बोला है।
मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएनवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण इन कार्मिकों के सामने परिवार का खर्च चलाने, मकान का किराया और बच्चों की फीस जमा करने जैसी समस्याएं खड़ी हो गई हैं, लेकिन सरकार और विभाग इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नेगी ने आरोप लगाया कि विभागीय मंत्री धन सिंह रावत को कर्मचारियों की समस्याओं की चिंता नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि केंद्र से मिलने वाली धनराशि अथवा विभागीय समन्वय के कारण वेतन अटका है तो शिक्षा विभाग ने समय रहते भारत सरकार से प्रभावी समन्वय क्यों नहीं किया।
उन्होंने सरकार से ऐसे मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग करते हुए कहा कि मोर्चा कर्मचारियों के हित में आंदोलन करेगा। नेगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता में हाजी असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।
