हरिद्वार। पुलिस लाइन हरिद्वार में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। विशाल प्रांगण में जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों की ओर से सजाई गईं 24 आकर्षक झांकियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं। झांकियों को देखने के लिए पुलिस परिवारों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने झांकियों की तस्वीरें खींचीं और सेल्फी लेकर यादें संजोईं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सपरिवार तथा एसएसपी नवनीत सिंह समेत पुलिस अधिकारियों ने शिरकत की। दोनों अधिकारियों ने झांकियों का अवलोकन कर आयोजन का आनंद लिया। इसके बाद बहुउद्देशीय हॉल में रिक्रूट आरक्षियों तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। देशभक्ति, भक्ति और मनोरंजन से भरपूर प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे।
सांस्कृतिक संध्या में गायक कलाकार विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल और अज्जू तोमर के गीतों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। मधुर गीतों पर कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
रात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के शुभ मुहूर्त पर एसएसपी नवनीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी श्री दुर्गा मंदिर पहुंचे। मंदिर में विशेष सजावट के साथ चारधाम मॉडल की मनमोहक झांकी सजाई गई थी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद अधिकारियों ने बारी-बारी से लड्डू गोपाल को झूला झुलाया और विधिवत पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद श्रद्धालुओं और आमजन को प्रसाद वितरित किया गया।
जन्मोत्सव के दौरान हुई भव्य आतिशबाजी से पूरा पुलिस लाइन परिसर रोशनी और उत्साह से भर उठा। एसएसपी नवनीत सिंह ने जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी संचार विपिन कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
