हरिद्वार, 3 सितंबर। आगामी कुंभ मेला 2027 को लेकर मेला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने शुक्रवार को हर की पैड़ी क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर श्रद्धालुओं के आगमन और निकासी मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
SSP ने संजय पुल, कांगड़ा पुल, भागीरथी पुल और मालवीय द्वीप घाटों का निरीक्षण करते हुए भीड़ के संभावित दबाव वाले क्षेत्रों की जानकारी ली। निरीक्षण का उद्देश्य कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित करना है।
इसके अलावा उन्होंने हर की पैड़ी के नजदीक पंतद्वीप, कांगड़ा और सोल क्षेत्रों में प्रस्तावित होल्डिंग एरिया के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। इन होल्डिंग क्षेत्रों का उपयोग भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को नियंत्रित एवं सुरक्षित तरीके से रोकने और स्नान घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए किया जाएगा।
SSP आयुष अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला पैदल यात्री यातायात प्लान, भीड़ नियंत्रण योजना और आपातकालीन निकासी योजना को व्यावहारिक एवं मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि योजना इस तरह तैयार हो कि श्रद्धालुओं को स्नान घाटों तक पहुंचने में सुविधा हो और स्नान के बाद उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र सिंह तथा यातायात निरीक्षक कुंभ हितेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
