हरिद्वार, 31 अगस्त। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को मायापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की खराब स्थिति और घास-झाड़ियों की कटान न होने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने उपस्थिति पंजिका और पत्रावलियों के रख-रखाव का भी जायजा लिया तथा कर्मचारियों को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) अधिनियम से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि पात्र बच्चों को बिना भेदभाव और अनावश्यक देरी के शिक्षा का अधिकार मिले। आरटीई मामलों का निस्तारण पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध तरीके से करने पर जोर दिया। इसके अलावा डीएम ने कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय स्थल का निरीक्षण कर इसे जल्द विकसित करने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि पुस्तकालय निर्माण के लिए पेयजल निर्माण निगम ने 284.33 लाख रुपये का आंकलन प्रस्ताव शासन को भेजा है, जिसकी स्वीकृति अभी लंबित है। डीएम ने शासन स्तर पर प्रभावी पत्राचार कर शीघ्र धनराशि स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
