पुराने मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप, CCTV फुटेज पुलिस के कब्जे में, परिवार ने जताया जान का खतरा
मंगलौर/लंढौरा। लंढौरा क्षेत्र में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौहान उर्फ चैंपियन को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। एक परिवार ने उन पर पुराने मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाने और ऐसा नहीं करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में दिव्य अग्रवाल ने कोतवाली मंगलौर में लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित दिव्य अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 29 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे उत्तम शुगर मिल के पास जीटी रोड स्थित उनके ढाबे अग्रवाल साझा चूल्हापर कुछ लोग पहुंचे। आरोप है कि कुंवर प्रणव सिंह चौहान अपने साथ मोहम्मद इस्लाम पुत्र यासीन समेत 3-4 अन्य लोगों को लेकर वहां पहुंचे थे।

शिकायतकर्ता का दावा है कि इनमें से कुछ लोगों के पास घातक हथियार भी थे। आरोप है कि मौके पर पुराने मुकदमे को वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मुकदमा वापस न लेने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। मामले का सबसे अहम पहलू CCTV फुटेज बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ढाबे पर हुई पूरी घटना कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज अपने साथ ले गई। घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
