हरिद्वार। ओबीसी विभाग, हरिद्वार के संयोजन में मध्य हरिद्वार स्थित कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेसजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान नेताओं ने राजीव गांधी के युवा केंद्रित विचारों, आधुनिक शिक्षा, तकनीक, दूरसंचार और प्रशासनिक सुधारों को याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच ने भारत को 21वीं सदी की ओर बढ़ने की मजबूत नींव दी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि राजीव गांधी को केवल पूर्व प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने वाले दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिससे करोड़ों युवाओं को लोकतंत्र में सीधे भागीदारी का अधिकार मिला।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986, जवाहर नवोदय विद्यालय, ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड और IGNOU जैसी पहलें शिक्षा के क्षेत्र में उनके व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। वहीं कंप्यूटरीकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार को बढ़ावा देकर उन्होंने उस दौर में भारत को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार किया, जब देश में कंप्यूटर और टेलीफोन आम लोगों की पहुंच से काफी दूर थे।
ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा और रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नन्द लाल यादव ने कहा कि राजीव गांधी लोकतंत्र को गांवों तक मजबूत करने के पक्षधर थे। पंचायती राज और स्थानीय स्वशासन को सशक्त बनाने की उनकी सोच ने आगे चलकर 73वें और 74वें संविधान संशोधनों का मार्ग प्रशस्त किया।
एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल और जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी ने कहा कि सी-डॉट, एमटीएनएल और स्वदेशी डिजिटल टेलीफोन एक्सचेंज को बढ़ावा देने के साथ राजीव गांधी के कार्यकाल में तकनीक को जनसरोकारों से जोड़ा गया। पेयजल, टीकाकरण, साक्षरता, तिलहन उत्पादन और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी मिशन इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि 1985 का दल-बदल विरोधी कानून भी राजनीतिक स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था।
विवेक त्यागी और रजत त्यागी ने कहा कि राजीव गांधी की सबसे बड़ी पहचान उनकी भविष्य को पहले से देखने वाली सोच थी। कंप्यूटर, विज्ञान, आधुनिक शिक्षा, दूरसंचार और युवा शक्ति पर उनका जोर आज के डिजिटल भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखा जाता है।
श्रद्धांजलि सभा में सोम त्यागी, मनोज सैनी, विकास चंद्रा, अक्षय नागपाल, नन्द लाल यादव, अमित अवस्थी, जावेद आलम, विवेक त्यागी, रजत त्यागी, आनंद राठौड़, शिवम वाल्मीकि, राजबीर सैनी, सूर्या, जवाहर चावला, कमल सैनी, सोमपाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
