हरिद्वार। भारतीय युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस पर हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा कांग्रेस लंबे समय से युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों, किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती आई है। बदलते राजनीतिक और सामाजिक परिवेश में युवाओं की भूमिका को अहम बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता जताई गई। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नितिन तेश्वर, पूर्व जिला अध्यक्ष कैश खुराना, एससी विभाग अध्यक्ष मनोज जटाव, पार्षद विक्की भूषण, पार्षद प्रत्याशी समर्थ अग्रवाल, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विवेक जगरिया, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, यूथ कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को एकजुट कर उनके अधिकारों और रोजगार समेत जनहित के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना युवा कांग्रेस की प्राथमिकता है।
