हरिद्वार, 5 अगस्त। रोशनाबाद जिला जेल का वातावरण उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो उठा, जब श्री अखंड परशुराम अखाड़े के संयोजन में संगीतमय गंगा कथा का आयोजन किया गया। कथा के दौरान कथाव्यास पंडित संजय कृष्ण ने मां गंगा की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा के तट पर बसे प्रत्येक तीर्थ का अपना विशेष आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि मां गंगा मानव कल्याण के लिए धरती पर अवतरित हुई हैं और उनके जल के दर्शन व आचमन मात्र से भी जीवन धन्य हो जाता है।
जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने कहा कि कारागार में इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन कैदियों के भीतर सकारात्मक सोच और आत्मचिंतन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को नई दिशा देने का माध्यम है और प्रशासन कैदियों को संस्कार एवं धर्म से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि मां गंगा की कथा सुनने से मन पवित्र होता है, नकारात्मकता दूर होती है और व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवनधारा हैं।
इस अवसर पर भगवा हिंदू सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप रोड, प्रदेश प्रवक्ता दीपक पवार, स्वामी रुद्रानंद सरस्वती, बृजमोहन शर्मा, जलज कौशिक, सत्यम शर्मा, मनोज कुमार, ऋषि शर्मा, डॉ. दिनेश बाली, सोमपाल कश्यप, सनी लखेड़ा, चमन कुमार, संजू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
