हरिद्वार, 5 अगस्त। कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सराहनीय पहल की। उपाध्यक्ष हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण सोनिका के निर्देशन में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे कांवड़ियों के लिए जलपान एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
सचिव हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण प्रत्यूष सिंह के मार्गदर्शन में होटल अलकनन्दा के निकट कांवड़ पटरी मार्ग पर आयोजित इस सेवा शिविर में हजारों शिवभक्तों को स्वच्छ पेयजल, जलपान और प्रसाद वितरित किया गया। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं ने प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा और श्रद्धा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में जुटे रहे। उन्होंने कांवड़ियों का स्वागत कर उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। प्राधिकरण भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इसी तरह जनसेवा के कार्य करता रहेगा।
