प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह ने दी कांवड़ मेले की विस्तृत जानकारी
हरिद्वार, 27 जुलाई। आगामी कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रशासन और पुलिस की तैयारियों का विस्तृत खाका पेश किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार कांवड़ मेला सुरक्षा, तकनीक और व्यवस्थाओं के लिहाज से पहले से अधिक आधुनिक और सख्त होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद प्रेस क्लब पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने डीएम और एसएसपी का शॉल, रुद्राक्ष माला, शंख, स्मृति चिह्न और बुके देकर सम्मान किया। संवाद के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के चलते चुनौतियां अधिक हैं, लेकिन प्रशासन ने सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक स्कूलों में अवकाश रहेगा तथा विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। साथ ही भीमगोड़ा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और कुंभ से पहले प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहली बार कांवड़ मेले में सोशल मीडिया की निगरानी के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सामान्य फर्जी सामग्री को 36 घंटे के भीतर और एआई से तैयार भ्रामक वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजे वाहनों के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
कार्यक्रम में पत्रकारों ने ट्रैफिक, सुरक्षा, सोशल मीडिया निगरानी, अतिक्रमण और मेला व्यवस्थाओं से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका डीएम और एसएसपी ने विस्तार से जवाब दिया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच इस तरह का संवाद जनहित में बेहद आवश्यक है, क्योंकि इससे सही और प्रमाणिक जानकारी समय पर आम जनता तक पहुंचती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह और प्रेस क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
