हरिद्वार बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, 20 हजार युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य
हरिद्वार। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित ‘ छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने हरिद्वार के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
बैठक को संबोधित करते हुए विशाल सिंह भोजक ने बताया कि राहुल गांधी देशव्यापी अभियान छात्रों की गूंज के तहत युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की खामियों, छात्रों के बढ़ते मानसिक तनाव, आत्महत्या की घटनाओं, महंगी कोचिंग व्यवस्था और डिग्री के बावजूद रोजगार की कमी जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रख रही है— परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी कर उसका अनिवार्य पालन सुनिश्चित किया जाए। विशाल सिंह भोजक ने कहा कि देहरादून कार्यक्रम में 20 हजार युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के समर्थन में कांग्रेस डिजिटल अभियान भी चला रही है, जिसमें छात्र अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। देहरादून के बाद राहुल गांधी का प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्रों से संवाद प्रस्तावित है।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी, महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, समर्थ अग्रवाल, सागर बेनीवाल, निखिल सौदाई, आशु श्रीवास्तव, राव शादाब सहित अन्य युवा कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
