हरिद्वार, 6 जुलाई। कुम्भ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मंदिरों तक पहुंचने वाले पैदल मार्गों, फुटपाथों और तीर्थयात्री सुविधाओं का तेजी से निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव मंदिर होते हुए मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और नए फुटपाथों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कुम्भ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मनसा देवी मंदिर तक पहुंचने वाली सीढ़ियों और पैदल मार्गों का भी निरीक्षण किया तथा जहां मरम्मत की आवश्यकता है वहां तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। मेलाधिकारी ने कहा कि प्रभावी भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन के लिए ऐसे मार्ग बेहद महत्वपूर्ण हैं। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे सभी पैदल मार्ग और फुटपाथ निर्माण कार्य कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे किए जाएं। जिन क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के कारण कार्य संभव नहीं है, वहां मेला समाप्त होते ही निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए। इसके बाद उन्होंने अपर रोड क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और गलियों के सुधार, सौंदर्यीकरण तथा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सुविधाओं के विकास में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपार मेल अधिकारी दयानंद सरस्वती, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार और प्रवीण कुश समेत कईं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
