उत्तराखंड से लेकर गुजरात, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर तक फैला ऑपरेशन रिकवरी, मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान
हरिद्वार। अगर आपका मोबाइल कहीं खो जाए और आप उसे हमेशा के लिए गया हुआ मान लें, तो हरिद्वार पुलिस की यह खबर आपके लिए उम्मीद की नई किरण है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन रिकवरी के तहत हरिद्वार पुलिस ने ऐसा कारनामा किया है, जिसने 104 मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है।
कोतवाली नगर पुलिस ने CEIR पोर्टल और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से करीब 35 लाख रुपये कीमत के 104 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की तलाश केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रही, बल्कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों तक पहुंची।
मोबाइल मिलने की सूचना पर कई राज्यों से लोग हरिद्वार पहुंचे और अपना फोन वापस पाकर भावुक हो उठे। लोगों ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। वहीं, जो 37 मोबाइल स्वामी दूर-दराज राज्यों में रहते हैं और हरिद्वार नहीं आ सकते, उनके फोन पुलिस द्वारा कोरियर सेवा के माध्यम से उनके घर भेजे जाएंगे। बरामद मोबाइलों में वीवो के 23, रेडमी के 18, ओप्पो के 13, सैमसंग के 11 और अन्य नामी कंपनियों के फोन शामिल हैं। इस शानदार सफलता में प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस का कहना है कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई कर खोए मोबाइल को वापस दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
