हरिद्वार। कांग्रेस के महानगर अनुसूचित विभाग द्वारा ऋषिकुल कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में अनुसूचित विभाग के महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि पंडित नेहरू दूरदर्शी एवं सभी धर्मों का सम्मान करने वाले नेता थे। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखने में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने उद्योगों, बांधों और बिजली परियोजनाओं को आधुनिक भारत के मंदिर बताया और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और रवीश भटीजा ने कहा कि आजादी के बाद देश को गरीबी, अशिक्षा और भुखमरी जैसी समस्याओं से उबारने के लिए पंडित नेहरू ने विज्ञान और तकनीक को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में आईआईएम, आईआईटी, इसरो और भेल जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना हुई। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विशेष ध्यान दिया। साथ ही गुटनिरपेक्ष आंदोलन के माध्यम से स्वतंत्र विदेश नीति अपनाकर भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। यूथ कांग्रेस के महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर और युवा नेता समर्थ अग्रवाल ने कहा कि पंडित नेहरू विविधता में एकता और धर्मनिरपेक्षता के मजबूत समर्थक थे। उन्होंने देश में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का कार्य किया, जिससे सभी धर्मों, जातियों और संस्कृतियों के लोग समान अधिकारों के साथ रह सके। इस अवसर पर पप्पू राम, जावेद आलम, जवाहर चावला, दिनेश चंद गुप्ता, दीपक शर्मा, विशाल शर्मा, आकाश कटारिया, गुलशन कुमार, कमल, शिवम वाल्मीकि, राजबीर और नौशाद सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
