हरिद्वार। वर्ष 1970 में राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय दिवाकर भट्ट द्वारा स्थापित प्रसिद्ध सामाजिक एवं शैक्षिक संस्था तरूण हिमालय (रजि.) के अंतर्गत संचालित शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ समाजसेवी, साहित्यकार एवं शिक्षाविद् त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत तथा प्रबंध मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर जिम्मेदारी प्रदान की। संस्था की ओर से बताया गया कि लंबे समय से रिक्त चल रहे प्रधानाचार्य पद पर अनुभवी, समर्पित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्ति को दायित्व देने का निर्णय लिया गया था, जिसके बाद सर्वसम्मति से त्रिलोक चन्द्र भट्ट के नाम पर मुहर लगी। विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में नवनियुक्त प्रधानाचार्य का शिक्षकों एवं कर्मचारियों से परिचय कराया गया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि आदर्श समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता रही है और इसे आगे और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणाम, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और संस्कारों का केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि त्रिलोक चन्द्र भट्ट का सामाजिक अनुभव, संगठन क्षमता और शिक्षा-संस्कृति के प्रति समर्पण विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। संस्था अध्यक्ष गंगादत्त शर्मा ने कहा कि तरूण हिमालय कई दशकों से समाज सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। इस अवसर पर प्रबंध मंडल के सदस्य ललित भट्ट, हर्ष मोहन, पूरन सिंह रावत, डॉ. अजय नेगी, प्रकाश बहुखंडी, भानु प्रकाश गैरोला, भगवती प्रसाद, ललित सिंह रावत एवं मनोज सिंह चौहान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्य उर्मिला ममगाई, उमा भट्ट, आशीष, अदिति, दीप, दिप्ती, शशि गोदियाल, राजेश्वरी, सजल, मंजु असवाल, अंजु बडोनी, लक्ष्मी पाल, दीपक नेगी, नेहा, कीर्ति, बबीता, शीतल थापा, लक्ष्मी थापा, साक्षी मीना रावत, संगीता देवी, अनुप्रिया, प्रतीक, आकांक्षा, ज्योति, नीमा, कमल, सतीश जोशी, टेक बहादुर, शिव कुमार, अमितांशु, संयोगिता, शशि वाल्मीकि एवं चंदन सहित बड़ी संख्या में अध्यापक एवं अध्यापिकाएं मौजूद रहे।
