हरिद्वार / देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव धर्मशाला का लोकार्पण किया। भव्य समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ट्रस्टी और विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने धर्मशाला को सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि यह आने वाले समय में कुंभ 2027 और चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में क्षत्रिय कलौता समाज के योगदान को याद करते हुए कहा कि समाज ने खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों में समाज के वीर सपूत देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार केवल एक धार्मिक नगरी नहीं बल्कि भारत की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कुंभ 2027 को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क निर्माण, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत की सनातन संस्कृति को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों के मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर न्यायपूर्ण समाज की स्थापना की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने इसे मातृशक्ति के सम्मान और सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने वाला निर्णय बताया।
समारोह में हरी चेतनानन्द महाराज महामंडलेश्वर, कैलाश विजयवर्गीय , विनय रोहिला (उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन), विशाल पटेल (पूर्व विधायक देपालपुर इंदौर), संतोष पटेल (उपाध्यक्ष आनंद ट्रस्ट धर्मशाला), आशाराम सिसोदिया (अध्यक्ष महाकालीका ट्रस्ट इंदौर), सीताराम पटेल (अध्यक्ष देवास छात्रावास), जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित , पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, उप जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार और योगेश मेहरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
