11 विधानसभाओं में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां तेज, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
हरिद्वार। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में ईआरओ, एईआरओ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 ने हिस्सा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम लागू किया गया है। इसके तहत 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना प्रपत्र भरवाएंगे। वहीं 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी तथा 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को जारी होगी।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पुनरीक्षण कार्य पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित होना चाहिए। इसके लिए सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का गहन अध्ययन करने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार जनपद की 11 विधानसभाओं के 1715 मतदेय स्थलों पर 1715 बीएलओ और 213 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इनके सहयोग के लिए आईटी स्वयंसेवकों, महिला मंगल दलों और राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए-2 को भी जोड़ा गया है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे नए मतदाताओं के पंजीकरण में सक्रिय सहयोग करें और पात्र नागरिकों से फार्म-6, 7 और 8 भरवाने में मदद करें।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधियों सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों पर संतोष जताया।
