हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए मेला प्रशासन ने शहर के प्रमुख परिवहन केंद्र हरिद्वार बस अड्डे के कायाकल्प की तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका ने उत्तराखंड परिवहन निगम के बस स्टेशन, उससे जुड़े मार्गों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन और आकस्मिक परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए बस स्टेशन की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ प्रतीक्षालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सूचना प्रणाली और आवागमन को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। मेलाधिकारी ने बस अड्डे के आसपास से अतिक्रमण हटाने और यात्रियों के सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए अलग गेट विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम द्वारा किए जाने वाले कार्यों को कुंभ मेला मद से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान बस स्टेशन से सटी नगर निगम भूमि पर बड़े स्तर पर होल्डिंग एरिया और जनसुविधा केंद्र विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। रेलवे स्टेशन के निकट होने के कारण इस क्षेत्र को कुंभ के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को बस स्टेशन से तुलसी चौक तक वैकल्पिक निकासी मार्ग विकसित करने के लिए तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित परिवहन निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
