हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहादराबाद और रोशनाबाद क्षेत्र में चल रहे दो व्यावसायिक निर्माण कार्यों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बहादराबाद के अनेकी हेतमपुर स्थित अनेकी पुल के बाद औरंगाबाद मार्ग पर आर्यन हेरिटेज स्कूल प्रबंधन द्वारा पूर्व निर्मित भवन के ऊपर लगभग 120 गुणा 50 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। वहीं रोशनाबाद के नवोदय चौक के पास सेंट थॉमस स्कूल प्रबंधन द्वारा करीब 60 गुणा 40 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों निर्माण बिना स्वीकृति के किए जा रहे थे। संबंधित निर्माणकर्ताओं को कई बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए, लेकिन आदेशों की अनदेखी कर निर्माण जारी रखा गया। इसके बाद प्राधिकरण ने अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दर्ज करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों निर्माणों को सील कर दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण किए जाने पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
