हरिद्वार, 14 मई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह के निर्देशानुसार जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ टीम द्वारा शहर में व्यापक जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान नगर निगम से त्रिपुर चौराहा, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र तक संचालित किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों, बिना चेतावनी बोर्ड के तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों तथा खुले में सिगरेट बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर भी निगरानी रखते हुए संबंधित लोगों को कोटपा अधिनियम 2003 की धारा 4, 5, 6ए एवं 6बी की जानकारी दी। जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा कुल 33 तंबाकू विक्रेताओं के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए 5520 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। अभियान में जिला सलाहकार रोहित यादव, सोशल वर्कर विनोद कुमारी, एनजीओ बालाजी सेवा संस्थान देहरादून तथा पुलिस विभाग मायापुर चौकी से लेखराम भी उपस्थित रहे।
