हरिद्वार, 14 मई। पुलिस जवानों और उनके परिजनों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन रोशनाबाद में आधुनिक व्यायामशाला का निर्माण कराया जाएगा। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने गुरुवार को व्यायामशाला का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह व्यायामशाला सांसद निधि से 25 लाख रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान एवं शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नरेश बंसल ने कहा कि पुलिस जवान दिन-रात समाज और देश की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनकी शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुलिस लाइन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यायामशाला का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेल और फिटनेस को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है तथा यह पहल भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि व्यायामशाला में आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे पुलिस कर्मियों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सुविधा जवानों के मनोबल और कार्यक्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान और पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल को सराहनीय बताया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा व्यायामशाला निर्माण के लिए सांसद निधि से धनराशि उपलब्ध कराने पर राज्यसभा सांसद का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर डॉ विशाल गर्ग, सभासद दीपक नौटियाल, अजय मलिक, रवि वर्मा, रोमा सैनी, डॉ अमन गुप्ता, सतीश कौशिक सहित कईं लोग उपस्थित थे।
