हरिद्वार। ईंधन बचाओ अभियान को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को एक अलग मिसाल पेश की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डीएम खुद अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। उनके इस कदम की पूरे प्रशासनिक महकमे में चर्चा रही।
डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि जिनका आवास कार्यालय के पास है, वे वाहन छोड़कर पैदल ही दफ्तर आएं ताकि ईंधन की बचत हो सके और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतें बड़े बदलाव ला सकती हैं। जिलाधिकारी ने सरकारी बैठकों को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि अनावश्यक यात्रा से बचा जा सके। साथ ही सभी कार्यालयों में बिजली बचत को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। उन्होंने निर्देश दिए कि खाली कमरों में लाइट, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद रखें। डीएम ने आमजन से भी अपील की कि वे ईंधन बचाओ मुहिम में सहभागी बनकर देशहित में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
